सीएम योगी बोले- रोजगार और विकास पर फोकस; महिलाओं, किसानो और युवाओं के लिए है यह बजट

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार का दसवां बजट (वित्तीय वर्ष 2026-27) वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को विधानसभा में पेश किया।

सीएम योगी बोले- रोजगार और विकास पर फोकस; महिलाओं, किसानो और युवाओं के लिए है यह बजट
Published By- Diwaker Mishra

लखनऊ/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार का दसवां बजट (वित्तीय वर्ष 2026-27) वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को विधानसभा में पेश किया। 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ रुपए का यह बजट पिछले बजट की अपेक्षा 13 फीसदी ज्यादा है।

बजट पर मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 9 साल में हमारी सरकार का 10वां बजट पेश हुआ। ऐसा इससे पहले कभी नहीं हुई। बीते 9 सालों में कोई नया टैक्स नहीं लगाया गया है।

सीएम योगी ने कहा कि बजट में रोजगार और विकास पर फोकस है। नई योजनाओं का बजट में प्रावधान किया गया है। यूपी का अबतक का सबसे बड़ा बजट है। जो महिलाओं, किसानो और युवाओं के लिए है।

किसानों को अन्नदाता के साथ उद्यमी बनाने की कोशिश

सीएम योगी ने कहा कि अन्नदाता किसान भारत के विकास की धुरी है। राज्य सरकार मानती है कि किसान विकास के भागीदार हैं। अब अन्नदाता को उद्यमी बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार ऐसी अनेक योजनाओं पर काम कर रही है।

यूपी में बेरोजगारी दर 2.24 फीसदी से नीचे पहुंच गई है। युवाओं को रोजगार मिल रहा है। राज्य की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है।

बीते 9 साल में कोई भी नया टैरिफ नहीं लगाया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 9 साल के भीतर राज्य में कोई भी नया टैरिफ नहीं लगाया गया है। सीएम योगी ने कहा कि सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के तहत वेयर हाउस, गोदाम बनाने के लिए सब्सिडी दी जाएगी।

बजट का 12.4% शिक्षा पर खर्च होगा

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार के कुल बजट का 12.4 फीसदी हिस्सा शिक्षा पर, 6 फीसदी चिकित्सा पर और 9 फीसदी हिस्सा कृषि से जुड़ी योजनाओं पर खर्च होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में पिछड़े जिलों का खास ख्याल रखा गया है। सिटी इकोनॉमिक जोन बनाए जाएंगे।

कामकाजी महिलाओं के लिए श्रमजीवी छात्रावास बनेंगे

सीएम योगी ने कहा कि कामकाजी महिलाओं के लिए जिला स्तर पर श्रमजीवी छात्रावास बनाने के लिए बजट में राशि रखी गई है। वहीं युवाओं के लिए हर कमिश्नरी में एक स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनेगी। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत छोटे उद्योगों के लिए युवाओं को ब्याज मुक्त लोन की व्यवस्था रखी गई है।