मुजफ्फरनगर में आकर्षण का केंद्र बनी जिम कांवड़, युवाओं को नशा मुक्ति और फिटनेस का दे रहे संदेश

श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सड़कों पर अद्भुत और मनमोहक दृश्य देखने को मिल रहे हैं।

मुजफ्फरनगर में आकर्षण का केंद्र बनी जिम कांवड़, युवाओं को नशा मुक्ति और फिटनेस का दे रहे संदेश
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सड़कों पर अद्भुत और मनमोहक दृश्य देखने को मिल रहे हैं। इसी कड़ी में धर्मनगरी हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर दिल्ली जा रहे शिवभक्तों का एक दल जनपद मुजफ्फरनगर जनपद में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

यह कोई साधारण कांवड़ नहीं, बल्कि एक चलती-फिरती 'जिम कांवड़' है, जिसे देखकर हर कोई हैरान और प्रेरित हो रहा है। दिल्ली के रहने वाले इन युवा शिवभक्तों का मुख्य उद्देश्य कांवड़ यात्रा के पावन अवसर पर समाज को नशा मुक्ति और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।

यात्रा के दौरान भोले लगातार वजन उठाकर वर्कआउट करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। शिवभक्तों का कहना है कि युवा वर्ग नशे की लत से दूर रहे और प्रतिदिन अपने शरीर की फिटनेस पर ध्यान दे। स्वस्थ शरीर ही सच्ची भक्ति और सुखी जीवन का आधार है।

जनपद मुज़फ्फरनगर में प्रवेश करने पर जब शिवभक्तों ने सड़क किनारे ही अपना वर्कआउट शुरू किया, तो उन्हें देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

कांवड़ियों ने मुजफ्फरनगर की प्रशासनिक व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन की सजगता के कारण कांवड़ यात्रा बेहद सुगम और सुरक्षित महसूस हो रही है।

अपनी तरह के इस अनोखे प्रयास और सामाजिक संदेश के चलते यह जिम कांवड़ पूरे यात्रा मार्ग पर कौतूहल और चर्चा का विषय बनी हुई है।