डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने दिया एक दिवसीय धरना, मुख्यमंत्री को भेजा 15 सूत्री मांगों का ज्ञापन
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर 15 सूत्री मांगों के निराकरण हेतु आज 13 नवंबर को प्रदेश के प्रत्येक जनपद में डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर एक दिवसीय धरना दिया
स्पेशल रिपोर्ट अभिलाष भट्ट
लखनऊ/जनमत न्यूज़। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर 15 सूत्री मांगों के निराकरण हेतु आज 13 नवंबर को प्रदेश के प्रत्येक जनपद में डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर एक दिवसीय धरना दिया एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप बडोला ने कहा कि डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन की 18 सूत्री मांगों पर अनेकों बार शासन स्तर पर एवं महानिदेशालय स्तर पर संपन्न हुई वार्ताओं में मांगों पर सहमति बनने के बाद भी उनका निराकरण नहीं हो पा रहा है। अनेकों आंदोलन से अपनी मांगों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करने का काम संगठन ने किया फिर भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
पदनाम परिवर्तन, वरिष्ठता सूची जारी करने, उच्च पदों पर पदोन्नति करने, नियुक्ति हेतु न्यूनतम शैक्षिक योग्यता केंद्र के समान करने, जनपदों में सभी स्वास्थ्य केंद्रों में औषधी सरकारी व्यवस्था से पहुंचाने सहित अनेकों गैरवित्तीय मांगों का क्रियान्वयन ना होना शासन एवं महानिदेशालय की उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मजबूर होकर संघ को आंदोलन के लिए विवश होना पड़ रहा है।
आज आंदोलन के प्रथम चरण में प्रदेश के 75 जनपदों में धरने का कार्यक्रम सफल रहा है एवं आंदोलन के द्वितीय चरण में 20 नवंबर को प्रदेश भर के हजारों फार्मासिस्ट स्वास्थ्य महानिदेशालय लखनऊ में एक दिवसीय धरना देंगे एवं वहीं पर अग्रिम आंदोलन/ हड़ताल की घोषणा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मजबूरीवश प्रदेश का फार्मासिस्ट एक बड़े आंदोलन की ओर बढ़ रहा है। अधिकारी शासनादेशों का पालन नहीं कर रहे हैं जिससे कर्मचारियों में सरकार के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है ।
उन्होंने प्रदेश के यशस्वी माननीय मुख्यमंत्री जी एवं मा. स्वास्थ्य मंत्री जी से अपील की कि फार्मासिस्टों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर उनका निराकरण कराया जाए जिससे फार्मासिस्ट और अधिक तन्मयता के साथ जनता की सेवा कर सके।



