सनातन उद्घोष कथा महोत्सव की भव्य शुरुआत, साध्वी सरस्वती का डुमरियागंज में ऐतिहासिक स्वागत, जगह जगह हुई पुष्पवर्षा
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद के नगर पंचायत बढ़नी चाफा के बरघाट स्थित श्री दुर्गा मंदिर परिसर में आगामी 14 से 22 फरवरी तक आयोजित होने वाले सनातन उद्घोष कथा महोत्सव
सिद्धार्थनगर से रमेश चन्द्र शुक्ल की रिपोर्ट
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद के नगर पंचायत बढ़नी चाफा के बरघाट स्थित श्री दुर्गा मंदिर परिसर में आगामी 14 से 22 फरवरी तक आयोजित होने वाले सनातन उद्घोष कथा महोत्सव की तैयारियों के बीच शुक्रवार को मध्य प्रदेश से पधारीं साध्वी सरस्वती जी का डुमरियागंज में भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। उनके आगमन के उपलक्ष्य में पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में विशाल स्वागत यात्रा निकाली गई, जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा।
स्वागत यात्रा के दौरान डीजे की भक्तिमय धुनों, गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और धार्मिक नारों से पूरा क्षेत्र भगवामय हो उठा। श्रद्धा और उत्साह से सराबोर इस यात्रा ने डुमरियागंज क्षेत्र को आध्यात्मिक वातावरण से ओत-प्रोत कर दिया।
यात्रा की शुरुआत डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के बार्डर अमौना नगर पंचायत भारतभारी से हुई, जहां साध्वी सरस्वती जी का डीजे, बैंड-बाजे और पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात यात्रा अमौना से मोतीगंज, सोनहटी, बैदौला चौराहा होते हुए डुमरियागंज मंदिर चौराहा पहुंची।
वहां से बाहरी मार्ग से खीरा मंडी, तेली मोहल्ला, थाना, रोडवेज और पुनः मंदिर चौराहे से होते हुए डुमरियागंज–चंद्रदीप घाट मार्ग के रास्ते भवानीगंज होकर बढ़नी चाफा स्थित कथा स्थल तक संपन्न हुई। पूरे मार्ग में व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर साध्वी जी का स्वागत किया।
इस अवसर पर साध्वी सरस्वती जी ने कहा कि यह आयोजन केवल राम कथा नहीं, बल्कि राष्ट्र और सनातन चेतना का महोत्सव है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी सात दिनों में यह पूरा क्षेत्र भगवामय हो जाएगा और कथा समापन के बाद आठवें दिन इसकी अनुभूति हर व्यक्ति स्वयं करेगा।
पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सनातन उद्घोष कथा महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, हिंदू एकता और गौरव का प्रतीक है, जो समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा और संगठन के सूत्र में बांधने का कार्य करेगा।
वहीं, चेयरमैन धर्मराज वर्मा ने अधिक से अधिक संख्या में लोगों से कथा में सम्मिलित होने का आह्वान किया। स्वागत कार्यक्रम में लवकुश ओझा, चंद्र प्रकाश वर्मा, मधुसूदन अग्रहरि, बबलू पांडे, अमरेंद्र तिवारी,दिलीप पाण्डेय, लालजी शुक्ला, राजन अग्रहरि, प्रेम पाण्डेय, धर्मेश पाण्डेय, कमलेंद्र त्रिपाठी, राकेश पाण्डेय, अजीत उपाध्याय आदि मौजूद रहे।

Janmat News 
