हरदोई में विश्व स्तनपान सप्ताह, पोस्टर प्रतियोगिता में छात्रों ने दिया जागरूकता का संदेश
उप्र के हरदोई जनपद में विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत बुधवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला महिला चिकित्सालय में स्तनपान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत बुधवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला महिला चिकित्सालय में स्तनपान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य डॉ. जे.बी. गोगोई के नेतृत्व में हुआ, जिसमें राजकीय मेडिकल कॉलेज के पैरामेडिकल विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्तनपान के महत्व को आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रधानाचार्य डॉ. जे.बी. गोगोई, डॉ. विजय तोमर एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मेघा शामिल रहीं। निर्णायकों ने पोस्टरों का मूल्यांकन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया।
नितिन सिंह, हर्षित वर्मा और प्रभु शुक्ला ने संयुक्त रूप से प्रथम, आकांक्षा और नैन्सी मौर्य ने द्वितीय तथा संदीप, आशीष कुमार और हिमांशु दीक्षित ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार तथा अन्य प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मधुलिका शुक्ला ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुबोध सिंह एवं डॉ. मधुलिका शुक्ला ने निर्णायक मंडल के सदस्यों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में डॉ. अभिजीत,
काउंसलर गरिमा शुक्ला, फार्मासिस्ट दिलीप कुमार, मोहम्मद जुबेर, अमित, हर्षित, एचआईवी विभाग के लैब टेक्नीशियन अरविंद मिश्रा, प्रीति सिंह सहित चिकित्सालय के चिकित्सक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए स्तनपान के महत्व का संदेश समाज तक पहुंचाना था, जिसे प्रतिभागियों ने अपने रचनात्मक पोस्टरों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।



