सड़क निर्माण के भूमिपूजन में दो विधायकों के बीच कहासुनी, वीडियो हुआ वायरल

सपा विधायक उषा मौर्या ने आरोप लगाया कि उन्हें कार्यक्रम में अपमानित करने के उद्देश्य से बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया गया, जिससे विवाद की स्थिति पैदा हो गई।

सड़क निर्माण के भूमिपूजन में दो विधायकों के बीच कहासुनी, वीडियो हुआ वायरल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —

फतेहपुर/जनमत न्यूज। जनपद फतेहपुर में सड़क निर्माण के लिए आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान दो विधायकों के बीच कहासुनी का मामला सामने आया है। कार्यक्रम में पूजा में बैठने को लेकर समाजवादी पार्टी की विधायक उषा मौर्या और भारतीय जनता पार्टी की विधायक कृष्णा पासवान के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार खागा विधानसभा क्षेत्र से हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण कार्य के लिए भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में दोनों विधायक मौजूद थीं। पूजा में बैठने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया और मौके पर कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

समाजवादी पार्टी की विधायक उषा मौर्या ने आरोप लगाया कि उन्हें कार्यक्रम में अपमानित करने के उद्देश्य से बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया गया, जिससे विवाद की स्थिति पैदा हो गई।

वहीं कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया और कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

बताया जा रहा है कि जिस सड़क का निर्माण होना है, वह खागा विधानसभा क्षेत्र को हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क है, जिसके निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।