गाड़ी साइड को लेकर विवाद, दो पक्षों में मारपीट; वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

सड़क पर वाहन साइड करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

गाड़ी साइड को लेकर विवाद, दो पक्षों में मारपीट; वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट —

कुशीनगर/जनमत न्यूज। जनपद कुशीनगर के पडरौना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सिधुवा बाजार में गाड़ी साइड करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि जमकर मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

बताया जा रहा है कि यह घटना 19 अप्रैल की रात की है, जब सड़क पर वाहन साइड करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले, जिसमें दो युवक घायल हो गए।

घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।