स्कूल जा रही बच्चियों से छेड़छाड़, वीडियो वायरल; पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में दर्ज किया केस

पुलिस ने बिना किसी औपचारिक शिकायत का इंतजार किए स्वतः संज्ञान लेते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया।

स्कूल जा रही बच्चियों से छेड़छाड़, वीडियो वायरल; पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में दर्ज किया केस
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —

फतेहपुर/जनमत न्यूज। जनपद फतेहपुर के कोतवाली क्षेत्र में स्कूल जा रही बच्चियों के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, आईटीआई रोड के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवक बच्चियों के साथ छींटाकशी करते हुए और उनका हाथ पकड़ने की कोशिश करते नजर आए। राहगीरों द्वारा बनाए गए वीडियो के वायरल होते ही मामले ने तूल पकड़ लिया।

पुलिस ने बिना किसी औपचारिक शिकायत का इंतजार किए स्वतः संज्ञान लेते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया कि महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।