संभल में ईदगाह और इमामबाड़ा बुलडोजर के जरिए किया ध्वस्त, सरकारी जमीन पर हुआ था निर्माण
उप्र के संभल जनपद में ईदगाह और इमामबाड़ा को प्रशासन की मौजूदगी में चार बुलडोजर के जरिए ध्वस्त कर जमींदोज कर दिया गया।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में ईदगाह और इमामबाड़ा को प्रशासन की मौजूदगी में चार बुलडोजर के जरिए ध्वस्त कर जमींदोज कर दिया गया। सुरक्षा के मद्देनज़र पांच थानों की पुलिस फोर्स, एक कंपनी पीएसी और आरएएफ के जवान मौके पर तैनात रहे।
संभल के तहसील क्षेत्र के गांव बिछौली में डीएम और एसपी की मौजूदगी में चार बुलडोजर से ईदगाह को जमींदोज किया गया। प्रशासन के मुताबिक करीब 7 बीघा चरागाह की जमीन पर ईदगाह और खाद के गड्ढे की भूमि पर इमामबाड़ा बना लिया गया था।
गांव वालों की शिकायत पर लेखपाल ने 18 जनवरी को तहसीलदार कोर्ट में अपील दायर की थी। 31 जनवरी को कोर्ट के आदेश पर कब्जाधारियों को नोटिस जारी किया गया था, हालांकि कोई भी कब्जाधारी सामने नहीं आया।
गुरुवार सुबह एसडीएम निधि पटेल और नायब तहसीलदार दीपक जुरैल टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो कुछ लोग छेनी-हथौड़ी से इमामबाड़े को तोड़ रहे थे। प्रशासन ने उन्हें हटाया और बुलडोजर मंगाकर पहले ईदगाह को जमींदोज किया गया।
उसके बाद सरकारी खाद के गड्ढे पर अवैध कब्जा कर बनाए गए इमामबाड़े को भी ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन के अनुसार 10 से 12 साल पुराना इमामबाड़ा बनाकर अवैध कब्जा किया गया था।
आज संभल के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेसिया और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई की मौजूदगी में ईदगाह और इमामबाड़े को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। सुरक्षा को लेकर आसपास के मकानों पर भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए और पीएसी व थाना पुलिस ने लोगों को एक जगह इकट्ठा नहीं होने दिया।
संभल के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेसिया ने बताया कि थाना संभल के बिछौली गांव में गाटा संख्या 1240 और 1242 में करीब 7 करोड़ रुपये की भूमि पर कब्जा था, जिसे आज ध्वस्त कर कब्जामुक्त कराया गया है। पास में एक बड़ा मेडिकल कॉलेज है, जहां लोगों ने दो बड़े स्ट्रक्चर बना रखे थे। अन्य स्ट्रक्चर भी बने हुए हैं, जिन्हें चिन्हित किया गया है।
उन्होंने बताया कि सरकारी भूमि पर कब्जे के मामलों में तहसीलदार न्यायालय में धारा 67 के तहत कार्रवाई की जाती है। कब्जाधारियों को पहले समय और नोटिस दिया गया था, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं करने पर अब ध्वस्तीकरण के साथ वसूली भी की जाएगी।
संभल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि सुबह से ही गांव बिछौली में बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। सरकारी जमीन पर बने खाद के गड्ढों पर अवैध कब्जे को हटाया गया है।
करीब 7 करोड़ रुपये की कीमत की जमीन को कब्जामुक्त कराया गया है। शासन के निर्देश पर सरकारी जमीनों को कब्जामुक्त करने का अभियान चलाया जा रहा है। प्रत्येक गांव में इस तरह की सूची बनाई गई है।
अभी तक कई जगहों पर जमीनों को कब्जामुक्त कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। सुरक्षा के लिए पांच थानों की पुलिस फोर्स और आरएएफ के जवान तैनात किए गए हैं।

Janmat News 
