चंदौली में दंपती ने घरेलू कलह से खाया जहर, पत्नी की हुई मौत पति गंभीर
पति नशे का आदी बताया जा रहा है और आए दिन पत्नी से झगड़ा करता था। घटना वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पति ने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया।
चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट —
चंदौली/जनमत न्यूज। जनपद चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बसनी गांव से एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां घरेलू कलह के चलते एक पति ने कथित तौर पर शहद में जहर मिलाकर अपनी पत्नी को खिला दिया। इसके बाद आरोपी पति ने भी स्वयं जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। इस घटना में पत्नी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे बेहतर उपचार के लिए ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पति नशे का आदी बताया जा रहा है और आए दिन पत्नी से झगड़ा करता था। घटना वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पति ने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया। पत्नी की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों द्वारा उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं, जहरीला पदार्थ खाने के बाद पति की हालत भी गंभीर हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी के बयान के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल गांव में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।


