उरई में नर्सिंग होम की लापरवाही के चलते मासूम की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

उप्र के उरई जनपद के अनिका हॉस्पिटल में चार वर्षीय मासूम की मौत के बाद  जमकर हंगामा हो गया। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही तथा इलाज के नाम पर धन वसूली का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

उरई में नर्सिंग होम की लापरवाही के चलते मासूम की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद के अनिका हॉस्पिटल में चार वर्षीय मासूम की मौत के बाद  जमकर हंगामा हो गया। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही तथा इलाज के नाम पर धन वसूली का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम भेड़ निवासी रियाज खान अपने चार वर्षीय पुत्र शाहरुख खान को पेट दर्द की शिकायत होने पर इलाज के लिए अनिका हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल द्वारा पहले 1000 फीस और 4000 इलाज के नाम पर जमा कराए गए, लेकिन इसके बावजूद बच्चे को समय पर उचित उपचार नहीं मिला।

परिजनों का कहना है कि इलाज में लापरवाही के चलते मासूम की हालत लगातार बिगड़ती गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल का स्टाफ और चिकित्सक मौके से चले गए, जिससे उनका आक्रोश और बढ़ गया।

मासूम की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई, जिम्मेदार लोगों पर मुकदमा दर्ज करने तथा अस्पताल की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते उचित उपचार मिलता तो बच्चे की जान बचाई जा सकती थी। वहीं, घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

अब इस मामले में स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। लोगों का कहना है कि यदि जांच में लापरवाही की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।