प्रतापगढ़ में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर वृद्धाश्रम में फल वितरण, सेवा पखवाड़े की हुई शुरुआत
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा द्वारा सेवा पखवाड़े के तहत कार्यक्रमों की शुरुआत की गई।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा द्वारा सेवा पखवाड़े के तहत कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। बुधवार को चिलबिला स्थित वृद्धा आश्रम में फल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सदर विधायक राजेंद्र मौर्य और भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने वृद्धजनों को फल वितरित किए और उनका हालचाल जाना। इस दौरान वृद्धजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और आश्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस मौके पर विधायक राजेंद्र मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन सेवा और समर्पण का प्रतीक है। उनके जन्मदिन को भाजपा सेवा पखवाड़े के रूप में मना रही है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना ही सच्ची राष्ट्रसेवा है।
जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। उनके जन्मदिवस पर सेवा कार्यों के माध्यम से कार्यकर्ता समाज में सकारात्मक संदेश दे रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आश्रम के कर्मचारी उपस्थित रहे। वृद्धजनों ने प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने की कामना की।




