हरदोई: डीएम को जलते मिले सरकारी रिकॉर्ड, जल निगम के इंजीनियरों और भाजपा नेता समेत छह पर एफआईआर
उप्र के हरदोई जनपद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जेल रोड स्थित जल निगम ग्रामीण के स्टोर में हर घर नल से जल योजना से जुड़े महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों और पानी जांच किटों को आग के हवाले करने का मामला सामने आया है।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जेल रोड स्थित जल निगम ग्रामीण के स्टोर में हर घर नल से जल योजना से जुड़े महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों और पानी जांच किटों को आग के हवाले करने का मामला सामने आया है।
धुआं उठता देख जिलाधिकारी अनुनय झा स्वयं भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जलते हुए सरकारी रिकॉर्ड के साथ आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। इस मामले में जल निगम के दो बड़े इंजीनियरों और भाजपा नेता सहित छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
यहां अधिकारियों की मौजूदगी में जब दस्तावेज जल रहे थे तभी जिलाधिकारी अचानक स्टोर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति के भारी मात्रा में सरकारी अभिलेख, फाइलें और पानी की गुणवत्ता जांचने वाली किटें जलाई जा रही थीं।
मौके से कई दस्तावेज आधी जली हालत में बरामद किए गए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि जब यह सब हो रहा था, तब जल निगम के प्रभारी अधिशासी अभियंता XEN नवनीत सिंह, सहायक अभियंता AE अमित सिंह, दो चौकीदार मेवाराम व सालिगराम मौजूद थे।
साक्ष्य मिटाने और बड़े घोटाले की आशंका के चलते जिलाधिकारी के सख्त आदेश पर जल निगम के XEN नवनीत सिंह, AE अमित सिंह, चौकीदार मेवाराम, सालिगराम और भाजपा नेता समेत छह नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि हर घर नल से जल योजना में हुई किसी बड़ी वित्तीय अनियमितता या घोटाले को छुपाने के उद्देश्य से इन मुख्य सबूतों को नष्ट किया जा रहा था। पुलिस ने पूरे मामले की गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है।

Janmat News 
