22 हजार की रिश्वत लेते जेई रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन की कार्रवाई से मचा हड़कंप
निर्धारित योजना के तहत जैसे ही जेई ने विद्युत उपकेंद्र कराही परिसर में रिश्वत की रकम ली, मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। यह गिरफ्तारी उसी स्थान से हुई, जहां वह तैनात थे।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —
हरदोई / जनमत न्यूज। हरदोई में बिजली विभाग का भ्रष्टाचार एक बार फिर उजागर हुआ है। विद्युत उपकेंद्र कराही में तैनात जूनियर इंजीनियर (जेई) को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जेई पवन वर्मा पर आरोप है कि उन्होंने बम्हनाखेड़ा निवासी मुस्तकीम से निजी नलकूप कनेक्शन के एस्टीमेट के नाम पर 22 हजार रुपये की अवैध मांग की थी। परेशान उपभोक्ता ने मामले की शिकायत लखनऊ स्थित एंटी करप्शन संगठन से की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने सुनियोजित तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की।
निर्धारित योजना के तहत जैसे ही जेई ने विद्युत उपकेंद्र कराही परिसर में रिश्वत की रकम ली, मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। यह गिरफ्तारी उसी स्थान से हुई, जहां वह तैनात थे।
लखनऊ से आई टीम ने इंस्पेक्टर टीपी सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी को तत्काल बघौली थाने ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अब आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है। इस घटना ने साफ कर दिया है कि विभागों में चल रहे भ्रष्टाचार पर अब सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।

Janmat News 
