भदोही: कमलकांत दुबे की हत्या के बाद उनके पुत्र पर हमला, कार पर ईंट से वार

भदोही जनपद में समाजसेवी कमलकांत दुबे की हत्या के बाद उनके पुत्र विवेक कुमार दुबे पर हमला हुआ है। अज्ञात बाइक सवारों ने उनकी कार पर ईंट से वार किया।

भदोही: कमलकांत दुबे की हत्या के बाद उनके पुत्र पर हमला, कार पर ईंट से वार
Published By- Diwaker Mishra

भदोही से आनन्द तिवारी की रिपोर्ट

भदोही/जनमत न्यूज़। उप्र के भदोही जनपद में समाजसेवी कमलकांत दुबे की हत्या के बाद उनके पुत्र विवेक कुमार दुबे पर हमला हुआ है। अज्ञात बाइक सवारों ने उनकी कार पर ईंट से वार किया। घटना के समय विवेक पुलिस सुरक्षा में थे। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 3 बजे हुई।

विवेक कुमार दुबे अपने पुलिस सुरक्षाकर्मी महेंद्र प्रताप सिंह के साथ स्विफ्ट डिजायर कार (UP 70 CL 1121) से असनाव चौकी क्षेत्र अंतर्गत ज्ञानपुर कचहरी में वकील से मिलने जा रहे थे। ज्ञानपुर रोड से बैराखास के पास लघुशंका के लिए वे कार से नीचे उतरे।

जैसे ही विवेक कुमार दुबे वापस कार में बैठने लगे, तभी चलती बाइक पर सवार अज्ञात व्यक्तियों ने अचानक उनकी कार पर ईंट से हमला कर दिया। इस हमले में विवेक कुमार दुबे को कोई शारीरिक चोट नहीं आई।

घटना की सूचना मिलते ही असनाव चौकी प्रभारी संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश कर रही है। इस घटना ने विवेक कुमार दुबे की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले विवेक कुमार दुबे ने भदोही थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके पिता की हत्या के आरोपियों के परिजन उन्हें और उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

विवेक ने अपनी शिकायत में बताया था कि 10 दिसंबर 2025 की रात उनके पिता कमलकांत दुबे की चार अभियुक्तों द्वारा हत्या की गई थी। इन अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जा चुका है।