कुशीनगर: अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से 15 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

उप्र के ​कुशीनगर जनपद के कसया थाना क्षेत्र में पडरौना-कसया मार्ग पर बहोरापुर के आगे निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के पास गुरुवार को सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई।

कुशीनगर: अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से 15 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
Published By- Diwaker Mishra

कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट

​कुशीनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के ​कुशीनगर जनपद के कसया थाना क्षेत्र में पडरौना-कसया मार्ग पर बहोरापुर के आगे निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के पास गुरुवार को सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई।

किशोर को अज्ञात चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रविंद्रनगर धूस थाना क्षेत्र के सिधुआं बांगर गांव निवासी 15 वर्षीय प्रिंस मद्धेशिया पुत्र राजकुमार मद्धेशिया घर से बाड़ीपुल मेला देखने निकला था।

जानकारी के अनुसार वह जानकीनगर बाजार से अपने दोस्त साखोपार निवासी अभय कुमार और एक अन्य दोस्त के साथ टेंपो से जा रहा था। बहोरापुर के आगे निर्माणाधीन इंडियन पेट्रोल पंप के पास टेंपो से उतरने के बाद प्रिंस सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान अज्ञात अर्टिगा कार ने उसे टक्कर मार दी।

हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रिंस को उसके दोस्त अभय कुमार ने इलाज के लिए कुशीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज शुरू होने के कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत की खबर सुनते ही पिता राजकुमार मद्धेशिया अस्पताल परिसर में ही जमीन पर गिर पड़े।

परिजनों के मुताबिक प्रिंस तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी तीन बहनें हैं। पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। प्रिंस साखोपार स्थित किसान इंटरमीडिएट कॉलेज में कक्षा आठ का छात्र था। वह स्कूल की ड्रेस में ही मेला देखने के लिए घर से निकला था।

भाई की मौत की खबर सुनकर उसकी बहन का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह बदहवास होकर खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर समझाया और शांत कराया।

रविंद्रनगर धूस थाने के उपनिरीक्षक महेंद्र प्रताप यादव ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से किशोर की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस में रखवाया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।