हरदोई में NHM संविदा कर्मचारियों का प्रदर्शन, नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन की मांग; सौंपा ज्ञापन

उप्र के हरदोई जनपद में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों ने अपनी कई मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर प्रदर्शन किया।

हरदोई में NHM संविदा कर्मचारियों का प्रदर्शन, नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन की मांग; सौंपा ज्ञापन
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों ने अपनी कई मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर प्रदर्शन किया।

संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. जावेद खान की अगुवाई में कर्मचारियों ने डीएम कार्यालय समेत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को ज्ञापन सौंपा। इसमें प्रदेश में लंबे समय से काम कर रहे कर्मचारियों की मांगों को सरकार तक पहुंचाने की अपील की गई।

संगठन की सबसे मुख्य मांग कर्मचारियों का नियमितीकरण और समान काम के लिए समान वेतन है। ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले 24 साल से ज्यादा समय से काम कर रहे NHM संविदा कर्मचारियों को स्वास्थ्य विभाग में नियमित किया जाए। जब तक नियमितीकरण नहीं होता, तब तक उन्हें समान काम-समान वेतन के तहत तुरंत सम्मानजनक वेतन दिया जाए।

इसके अलावा, कर्मचारियों और उनके परिवार के लिए 10 लाख रुपये तक की कैशलेस इलाज सुविधा मांगी गई है। अन्य मांगों में महंगाई भत्ता (DA), EPF, HRA, ग्रेच्युटी, न्यूनतम ट्रांसफर नीति के तहत दूसरे जिले में ट्रांसफर, नौकरी के दौरान मौत होने पर अनुकंपा नियुक्ति शामिल है।

आउटसोर्स कर्मचारियों का जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजन और नियमित भर्तियों में 25 प्रतिशत कोटा तय करने की मांग भी की गई है।

संघ ने चेतावनी दी है कि अगर इन मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो 8, 9 और 10 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर काम बंद कर दिया जाएगा। अगर इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो 12 अक्टूबर को प्रदेश मुख्यालय पर बड़ा आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

इस दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुजीत कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव और भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष सुनील त्रिपाठी समेत कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।