प्रतापगढ़ के लालगंज में हादसा, बेसमेंट में उतरे करंट की चपेट में आई महिला की मौत
उप्र के प्रतापगढ़ जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के हरनाहर बाजार में शुक्रवार सुबह करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के हरनाहर बाजार में शुक्रवार सुबह करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। महिला मकान के बेसमेंट में किसी काम से गई थी, जहां उतरे बिजली के करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। आसपास के लोगों ने उसे तत्काल लालगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, प्रयागराज निवासी सुशील कुमार पिछले करीब दो वर्षों से हरनाहर बाजार में सुधीर कुमार पांडेय के मकान में किराए पर रह रहे थे। वह अपनी पत्नी सुशीला देवी (37) और तीन बच्चों के साथ यहां रहते थे। घटना के समय सुशील कुमार किसी काम से दिल्ली गए हुए थे।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह सुशीला देवी किसी कार्य से मकान के नीचे बने बेसमेंट में गई थीं। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
लालगंज ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों ने सुशीला देवी को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली में मौजूद पति सुशील कुमार को गहरा सदमा लगा। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।




