धमकी भरे गाने के साथ माफिया अतीक के बेटे का वीडियो वायरल, FIR दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
दिवंगत माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक वैवाहिक समारोह में शामिल अबान के वीडियो के बैकग्राउंड में धमकी भरा गाना बज रहा था।
प्रयागराज/जनमत न्यूज़। दिवंगत माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक वैवाहिक समारोह में शामिल अबान के वीडियो के बैकग्राउंड में धमकी भरा गाना बज रहा था।
गाना था, ‘सामने वाले को हमसे क्या मिलेगा, ये उसकी औकात बताएगी, हम दिल रखते हैं और असलहा भी, तूफान और हम जब भी आते हैं, मां कसम फाड़ के जाते हैं’। इसको लेकर प्रयागराज के धूमनगंज थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि मरहूम माफिया अतीक अहमद के पांच बेटों में सबसे बड़ा उमर व दूसरे नंबर का अली जेल में बंद हैं। तीसरे नंबर का असद पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है। उमेश पाल हत्याकांड को उसी ने अपने साथियों के साथ अंजाम दिया था।
उमेश पाल हत्याकांड के बाद माफिया के चौथे नंबर के पुत्र अहजम व पांचवें नंबर के अबान अहमद पुलिस को चकिया के पास लावारिस हालत में घूमते मिले थे। पुलिस ने दोनों को राजरूपपुर स्थित बालगृह में रखा था। दोनों 221 दिन तक यहां रहे थे।
इसके बाद उन्हें यहां से बाहर निकाला गया तो वह हटवा में रहने वाले एक रिश्तेदार के यहां चले गए। 17 सितंबर को अबान अहमद पहली बार नजर आया था, जब वह तीन कारों के काफिले के साथ नैनी जेल में बंद बड़े भाई अली से मुलाकात करने गया था।
हालांकि, इसके बाद अली को यहां से झांसी जेल स्थानांतरित कर दिया गया था। ACP धूमनगंज अजेंद्र यादव का कहना है कि वीडियो रील प्रसारित होने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।

Janmat News 
