शाहजहांपुर में मिशन शक्ति फेज-06 के तहत जागरूकता रैली, महिलाओं और बालिकाओं को अधिकारों की दी गई जानकारी

उप्र के शाहजहांपुर जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर मिशन शक्ति फेज-06 के तहत जागरूकता रैली निकाली गई।

शाहजहांपुर में मिशन शक्ति फेज-06 के तहत जागरूकता रैली, महिलाओं और बालिकाओं को अधिकारों की दी गई जानकारी
Published By- Diwaker Mishra

शाहजहांपुर से राजीव शुक्ला की रिपोर्ट

शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के शाहजहांपुर जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर मिशन शक्ति फेज-06 के तहत जागरूकता रैली निकाली गई।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भंवरे के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली के जरिए महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन और पुलिस की सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी तरह के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने और तत्काल शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया।

दरअसल, उप्र शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-06 अभियान के तहत नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत 12 अक्टूबर को शाहजहांपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

खिरनी बाग से जागरूकता रैली का शुभारंभ अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भंवरे और मुख्य विकास अधिकारी ने किया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी नगर और जनपदीय पुलिस बल भी मौजूद रहा।

रैली थाना सदर बाजार क्षेत्र में निकाली गई, जिसके माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और अन्य प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहने तथा पुलिस से तत्काल सहायता लेने की अपील की।

इस दौरान यूपी-112, वूमेन पावर लाइन-1090 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 सहित विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्प डेस्क, एंटी रोमियो स्क्वायड और शक्ति दीदी की भूमिका के बारे में भी बताया गया।

अभियान के तहत बाल श्रम उन्मूलन, बालिकाओं की शिक्षा, महिला अधिकारों और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर भी जागरूक किया गया। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और सशक्त बनाना है।

शाहजहांपुर पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाएं बिना किसी डर के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें और उन्हें समय पर पुलिस सहायता मिल सके।