लखीमपुर खीरी: मातम में बदल गईं खुशियां, मुंडन कार्यक्रम में जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 5 की मौत
उप्र के लखीमपुर खीरी जनपद में आज गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई
लखीमपुर खीरी से लोकेन्द्र सिंह की रिपोर्ट
लखीमपुर खीरी/जनमत न्यूज़। उप्र के लखीमपुर खीरी जनपद में आज गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल हो गए।
घायलों में 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार जनपद के शारदानगर थाना क्षेत्र के लगभग 50 लोग दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर बहराइच जिले के सुजौली थाना क्षेत्र स्थित कारीकोट मंदिर में मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
यात्रा के दौरान पढुआ थाना क्षेत्र में बोझिया पम्प और गढ़ बाबा मंदिर के बीच यह भीषण हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और असंतुलन के चलते ट्रॉली पलट गई, जिससे उसमें सवार लोग नीचे दब गए और चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिससे संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हुआ। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Janmat News 
