रायबरेली: सपा विधायक का आरोप, गाज़ीपुर जाते प्रतिनिधिमंडल पर हुआ पथराव; कार्रवाई की मांग
उप्र के रायबरेली जनपद के हरचंदपुर से विधायक राहुल लोधी ने गाज़ीपुर में विश्वकर्मा समाज की बेटी के रेप व हत्या के मामले को लेकर बड़ा बयान दिया है।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के हरचंदपुर से विधायक राहुल लोधी ने गाज़ीपुर में विश्वकर्मा समाज की बेटी के रेप व हत्या के मामले को लेकर बड़ा बयान दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल पर सत्ता संरक्षित गुंडों द्वारा पथराव कराया गया, जो बेहद शर्मनाक और निंदनीय है।
विधायक के अनुसार इस हमले में सपा के पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा सहित कई पुरुष और महिलाएं घायल हो गए। प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा देने जा रहा था, तभी रास्ते में अचानक पथराव की घटना से अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहुल लोधी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और यह सब भारतीय जनता पार्टी के संरक्षण में हो रहा है।
उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। विधायक ने निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि कार्रवाई न होने पर विधानसभा में जोरदार विरोध और धरना दिया जाएगा।

Janmat News 
