प्रतापगढ़ में एमएलसी चुनाव: लालगंज समेत कई ब्लॉकों में मतदान को लेकर दिखा उत्साह, केंद्रों पर लगी कतारें
उप्र विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में शुक्रवार को प्रतापगढ़ जिले में मतदान प्रक्रिया ने गति पकड़ी।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। उप्र विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में शुक्रवार को प्रतापगढ़ जिले में मतदान प्रक्रिया ने गति पकड़ी। लालगंज, सांगीपुर, रामपुर संग्रामगढ़ और लक्ष्मणपुर ब्लॉक मुख्यालयों पर बनाए गए मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही बनी रही।
शिक्षक और स्नातक मतदाता अपनी बारी का इंतजार करते हुए कतारों में खड़े नजर आए। मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। लालगंज तहसील क्षेत्र में मतदान को लेकर सुबह से ही गहमागहमी का माहौल रहा।
मतदान केंद्रों के आसपास भाजपा, सपा और निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थक सक्रिय दिखाई दिए। समर्थकों ने मतदान केंद्रों से कुछ दूरी पर अपने शिविर लगाकर मतदाताओं से संपर्क किया। वहीं, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए रहे।
अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण लालगंज में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने मतदान केंद्रों का जायजा लिया। एसडीएम वाचस्पति सिंह और सीओ राजीव द्विवेदी ने विभिन्न केंद्रों पर पहुंचकर शांति व्यवस्था और निर्वाचन संबंधी तैयारियों का निरीक्षण किया।
अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय ने भी लालगंज मतदान केंद्र पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान के दौरान व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने किया मतदान
ऑल इंडिया रूरल बार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने सुबह करीब 10:30 बजे लालगंज में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि उन्होंने शैक्षिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और मेधावी विद्यार्थियों को पारदर्शी अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वोट दिया है।
शिक्षक निर्वाचन को लेकर चर्चाएं तेज लालगंज तहसील क्षेत्र में शिक्षक निर्वाचन को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज रहीं। शुरुआती मतदान के दौरान भाजपा के निवर्तमान प्रत्याशी का पलड़ा भारी होने की चर्चाएं सामने आईं।
हालांकि, मतदान के शुरुआती रुझानों के आधार पर जीत-हार का आकलन करना जल्दबाजी होगी। चुनाव का वास्तविक परिणाम मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगा। जिलेभर में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की निगाहें मतदाताओं के रुख पर टिकी रहीं।



