यूपी बोर्ड रिजल्ट में मां गंगा इंटर कॉलेज का जलवा, छात्रों ने बढ़ाया भदोही का मान

पिछले वर्ष की तरह इस बार भी विद्यालय ने बेहतरीन परिणाम देकर अपनी श्रेष्ठता साबित की है।

यूपी बोर्ड रिजल्ट में मां गंगा इंटर कॉलेज का जलवा, छात्रों ने बढ़ाया भदोही का मान
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

भदोही से आनंद तिवारी की रिपोर्ट —

भदोही / जनमत न्यूज। भदोही उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा परिणाम में इस वर्ष भी जनपद के नारेपार स्थित मां गंगा शिक्षण संस्थान इंटर कॉलेज के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे जिले का मान भी बढ़ाया है।

पिछले वर्ष की तरह इस बार भी विद्यालय ने बेहतरीन परिणाम देकर अपनी श्रेष्ठता साबित की है। ग्राम सभा नारेपार स्थित इस इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह उपलब्धि हासिल की है।

विद्यालय के हाईस्कूल वर्ग में तीन छात्रों ने जनपद की टॉप-टेन सूची में स्थान बनाया। इसमें कलश पाण्डेय ने चौथा, निहाल सिंह ने पांचवां तथा मुकुंद द्विवेदी ने नौवां स्थान प्राप्त किया। वहीं इंटरमीडिएट वर्ग में अंकुश चौबे ने चौथा स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इस वर्ष भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या मधु शुक्ला ने छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि शिक्षकों की मेहनत, विद्यार्थियों की लगन और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है। उन्होंने कहा कि छात्रों ने अपने माता-पिता, विद्यालय और पूरे जिले का नाम रोशन किया है।

रिजल्ट घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। सफल छात्र-छात्राओं के चेहरे पर उत्साह और आत्मविश्वास झलक रहा था। अभिभावकों ने भी विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों का आभार जताया।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा सभी सफल छात्रों को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में मोहम्मद मोईम, शिवलाल, दान बहादुर, रंजीत राम, कैलाश, पुष्पा सिंह और खुशी जायसवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।