सहारनपुर में ऑपरेशन सवेरा के तहत बड़ी कार्रवाई, 53 लाख की स्मैक के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार
उप्र के सहारनपुर जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” के तहत चिलकाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” के तहत चिलकाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 267 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 53 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, आज मुखबिर से सूचना मिलने के बाद चिलकाना पुलिस ने चिलकाना-सहारनपुर मार्ग पर भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के बराबर तालाब के पास चेकिंग अभियान चलाया।
इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में मिले फरमान पुत्र अफजाल, निवासी मोहल्ला मजहर हसन, कस्बा एवं थाना चिलकाना को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 267 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
बरामदगी के आधार पर थाना चिलकाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार फरमान का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चिलकाना थाने में मारपीट, बलवा, गैंगस्टर एक्ट और अन्य धाराओं के कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा यमुनानगर के छप्पर थाने में भी एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज बताया गया है।




