संभल: दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर नहीं पहुंची बारात, दुल्हन करती रही इंतजार
उप्र के संभल जनपद में दहेज की रकम नहीं देने पर दुल्हन के घर बारात नहीं आई। दुल्हन के शादी के अरमान अधूरे रह गए। खुशी के माहौल के बीच लाखों रुपये की मांग की गई।
संभल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में दहेज की रकम नहीं देने पर दुल्हन के घर बारात नहीं आई। दुल्हन के शादी के अरमान अधूरे रह गए। खुशी के माहौल के बीच लाखों रुपये की मांग की गई। लड़का पक्ष दहेज की रकम पर अड़ा रहा। रकम पूरी न होने पर बारात नहीं लाई गई।
पूरा मामला संभल के हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव नवादा का है। दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा। दुल्हन हाथों में मेहंदी सजा इंतजार करती रही, जबकि 300 बारातियों के लिए तैयार किया गया खाना बर्बाद हो गया।
गांव निवासी सतीश ने अपनी बेटी पम्मी की शादी सेवापुर उर्फ पदरासपुर निवासी विनीत कुमार से तय की थी। बारात 27 अप्रैल की रात 11:00 बजे आनी थी, लेकिन आधी रात 12:00 बजे दूल्हा पक्ष ने तुरंत ₹50,000 की दहेज की मांग कर दी। मांग पूरी न होने पर दूल्हे ने बारात लाने से इनकार कर दिया। लड़की पक्ष ने शादी की पूरी तैयारी कर रखी थी।
दुल्हन के पिता ने बड़ा टेंट लगवाया था और 300 लोगों के लिए खाने का बनवाया गया था। दूल्हे के इनकार के बाद दोनों पक्षों के बीच अगले दिन मंगलवार शाम 8:00 बजे तक बातचीत चलती रही, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला और शादी टूट गई।
पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। दुल्हन के परिवार ने 300 बारातियों के लिए बनाया गया खाना हाईवे किनारे गड्ढे में फेंक दिया।
दुल्हन के पिता सतीश कुमार ने बताया, “मेरी लड़की की शादी विनीत कुमार पुत्र नेपाल से तय हुई थी। शादी में ₹2,00,000 नकद देना तय था, बाकी दहेज में एक सोने की अंगूठी और अन्य सामान था। 27 तारीख को बारात आनी थी, लेकिन रात 12:00 बजे लड़के वालों ने ₹50,000 और मांगे।
मैंने कहा कि एक आदमी की मौत हो गई है और आप हमसे पैसों की मांग कर रहे हैं। इसी बात पर नाराजगी हो गई। पूरा खाना बन चुका था और टेंट भी लग चुका था। उन्होंने हमें धमकी दी कि हम बारात लेकर नहीं आएंगे। बाद में उन्होंने कहा कि ₹4,00,000 दो, तभी बारात लाएंगे।”

Janmat News 
