कौशांबी में सिपाही की पत्नी की संदिग्ध मौत, तीसरी मंजिल के कमरे में मिला शव

उप्र के कौशांबी जनपद के मंझनपुर थाना इलाके में सिपाही की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कोरों रोड स्थित मकान की तीसरी मंजिल के कमरे में महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

कौशांबी में सिपाही की पत्नी की संदिग्ध मौत, तीसरी मंजिल के कमरे में मिला शव
Published By- Diwaker Mishra

कौशांबी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट

कौशांबी/जनमत न्यूज़। उप्र के कौशांबी जनपद के मंझनपुर थाना इलाके में सिपाही की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कोरों रोड स्थित मकान की तीसरी मंजिल के कमरे में महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसपी समेत भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची।

पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मान रही है, हालांकि मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। मंझनपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 14, कोरों रोड स्थित एक मकान में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तीसरी मंजिल के कमरे में 2021 बैच के सिपाही रवि सिंह की पत्नी शिवानी का शव मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण समेत पुलिस के आला अधिकारी और भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची।

कमरे का दरवाजा बंद होने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शव को बाहर निकाला। एसपी सत्यनारायण के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। महिला की मौत गले में कपड़े के कारण दम घुटने से होने की आशंका जताई गई है।

हालांकि पुलिस ने अभी मौत के कारण की अंतिम पुष्टि नहीं की है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य संकलित किए।

इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, बताया जा रहा है कि सिपाही रवि सिंह मूल रूप से इटावा का रहने वाला है और शिवानी की शादी कुछ समय पहले ही हुई थी।

महिला की मौत के पीछे वजह क्या रही, यह अभी साफ नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।