मथुरा में दिनदहाड़े हुई बड़ी लूट, व्यापारी के कर्मचारी से लूटा लाखों रुपये मूल्य का सोना

उप्र के मथुरा जनपद के थाना हाईवे क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई कथित बड़ी लूट की वारदात से पूरे शहर में सनसनी फैल गई।

मथुरा में दिनदहाड़े हुई बड़ी लूट, व्यापारी के कर्मचारी से लूटा लाखों रुपये मूल्य का सोना
Published By- Diwaker Mishra

मथुरा से सैयद जाहिद की रिपोर्ट

मथुरा/जनमत न्यूज़। उप्र के मथुरा जनपद के थाना हाईवे क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई कथित बड़ी लूट की वारदात से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। घटना गोवर्धन चौराहे से करीब 200 मीटर दूर जैन मंदिर के सामने दिल्ली हाईवे पर हुई, जहां एक व्यापारी के कर्मचारी से लाखों रुपये मूल्य की सोने की धातु लूटे जाने की सूचना है।

सूत्रों के अनुसार, बाइक सवार बदमाशों ने व्यापारी के कर्मचारी को निशाना बनाते हुए करीब 80 से 85 लाख रुपये मूल्य की सोने की धातु लूट ली। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी, एसपी सिटी और क्षेत्राधिकारी (सीओ) मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पूछताछ के लिए वर्कर समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है तथा उनसे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

वारदात के खुलासे के लिए स्वाट टीम, एसओजी और थाना हाईवे पुलिस को लगाया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

लगातार दूसरी बड़ी लूट की घटना की सूचना से शहर के व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और तथ्यों के सत्यापन के बाद ही मामले की आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।