फतेहपुर में पति पर जानलेवा हमला, पत्नी पर करंट लगाकर मारने की कोशिश का आरोप
उप्र के फतेहपुर जनपद के औंग थाना क्षेत्र से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां कलयुगी पत्नी पर अपने ही पति की हत्या की कोशिश करने का आरोप लगा है।
फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट
फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जनपद में पतियों पर हमलों की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मलवां थाना क्षेत्र में पत्नी द्वारा पति को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की सनसनीखेज वारदात के बाद अब औंग थाना क्षेत्र से एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां कलयुगी पत्नी पर अपने ही पति की हत्या की कोशिश करने का आरोप लगा है।
परिजनों के मुताबिक पति संजीव तिवारी हलवाई का काम करते हैं, जब वह काम से वापस घर लौटे जैसे ही घर के अंदर घुसे वैसे पत्नी रन्नो देवी ने डंडे से सिर पर हमला कर दिया और फिर पति संजीव तिवारी को चारपाई में बांध दिया और फिर उसके सिर पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया।
इतना ही नहीं, आरोप है कि उसके शरीर में बिजली का करंट भी लगाया गया। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने जब कमरे का दरवाजा खोला तो संजीव तिवारी चारपाई पर बंधे हुए तड़पते मिले और उनके शरीर पर बिजली का तार लिपटा हुआ था।
परिजनों ने तत्काल बिजली का तार हटाकर उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायल पति जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले 26 जून को मलवां थाना क्षेत्र के असवार तारापुर गांव में पत्नी ने कथित तौर पर पति पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी, जिसमें पति की मौत हो गई थी।
उस मामले में पुलिस ने 2 जुलाई को आरोपी पत्नी प्रीति देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब औंग थाना क्षेत्र के परसदेपुर गांव में सामने आई इस दूसरी घटना ने जिले में सनसनी फैला दी है और लगातार सामने आ रही ऐसी वारदातों ने लोगों को भी चिंता में डाल दिया है।


