औरैया पुलिस की बड़ी सफलता, लूटकांड का 72 घंटे में खुलासा; चार शातिर आरोपी गिरफ्तार
उप्र के औरैया पुलिस ने लूट की एक सनसनीखेज वारदात का महज तीन दिन के भीतर सफल खुलासा करते हुए चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया पुलिस ने लूट की एक सनसनीखेज वारदात का महज तीन दिन के भीतर सफल खुलासा करते हुए चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
थाना अछल्दा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन, दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक औरैया के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पूरे अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक औरैया एवं क्षेत्राधिकारी बिधूना द्वारा की गई।
दुकान बंद कर लौट रहे युवक को बनाया था निशाना
पुलिस के अनुसार दिबियापुर थाना क्षेत्र के घेरा निवासी रवि बाबू पाल ने 22 जुलाई 2026 को थाना अछल्दा में तहरीर देकर बताया कि 21 जुलाई की रात करीब 10 बजे वह अपनी दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अछल्दा के पास पहुंचे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
बदमाशों ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए उनका मोबाइल फोन, करीब 13,500 रुपये नकद, मोटरसाइकिल की चाबी तथा हेलमेट लूट लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना अछल्दा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
तीन पुलिस टीमों का गठन, मुखबिर की सूचना पर दबिश
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल लूटकांड के खुलासे के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया। थाना अछल्दा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम लगातार तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपियों की तलाश में जुटी रही।
24 जुलाई की देर रात लगभग 12:04 बजे मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम ने तुर्कपुर बम्बा अंडरपास पर चेकिंग के दौरान चारों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
बरामद हुआ लूटा गया सामान
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 12,200 रुपये नकद, लूटा गया मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड, डीएल की पर्ची, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें, दो अवैध .315 बोर तमंचे तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद किए।
अवैध हथियार मिलने पर पुलिस ने दो आरोपियों के विरुद्ध अलग-अलग आर्म्स एक्ट के तहत नए मुकदमे भी दर्ज किए हैं।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन वे अपने एक रिश्तेदार के यहां से लौट रहे थे। सीएचसी अछल्दा के पास उन्हें एक युवक अकेला मोटरसाइकिल से जाता दिखाई दिया। तभी उन्होंने लूट की योजना बनाई।
आरोपियों ने रास्ता पूछने का बहाना बनाकर युवक को रोका और उसे डरा-धमकाकर नकदी व मोबाइल लूट लिया।
वारदात के बाद मोटरसाइकिल की चाबी और हेलमेट साक्ष्य मिटाने की नीयत से नहर में फेंक दिए। लूटी गई रकम का आपस में बंटवारा कर लिया गया, जिसमें से कुछ रुपये खर्च हो चुके थे, जबकि शेष 12,200 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें—
राजा पुत्र रामकृष्ण निवासी जयकरन पुरवा, थाना दिबियापुर
चन्द्रभान उर्फ टिल्लू पुत्र सुरेश बाबू निवासी जयकरन पुरवा, थाना दिबियापुर
मनोज कुमार पुत्र विजय सिंह निवासी जयकरन पुरवा, थाना दिबियापुर
सर्बजीत पुत्र राजू दोहरे निवासी जयकरन पुरवा, थाना दिबियापुर
शामिल हैं।
एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी मिला
पुलिस जांच में आरोपी मनोज कुमार के विरुद्ध वर्ष 2021 में थाना दिबियापुर में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
संयुक्त टीम की सराहनीय कार्रवाई
इस सफल कार्रवाई में थाना अछल्दा के थानाध्यक्ष सुरेश चन्द्र, प्रभारी सर्विलांस/एसओजी समित चौधरी, उपनिरीक्षक रामबहादुर सिंह सहित संयुक्त पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने टीम की त्वरित कार्रवाई और पेशेवर जांच की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।


