औरैया के सहार में 15 वर्षीय किशोर की मौत, पिता पर पीट-पीटकर हत्या का आरोप; आरोपी फरार

उप्र के औरैया जिले के थाना सहार क्षेत्र के पूर्वा सोमवंशी गांव में सोमवार देर रात एक 15 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रिशू के रूप में हुई है।

औरैया के सहार में 15 वर्षीय किशोर की मौत, पिता पर पीट-पीटकर हत्या का आरोप; आरोपी फरार
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/ जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जिले के थाना सहार क्षेत्र के पूर्वा सोमवंशी गांव में सोमवार देर रात एक 15 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रिशू के रूप में हुई है।

परिजनों ने उसके पिता उनमेद सिंह पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से आरोपी पिता के फरार होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात किसी बात को लेकर रिशू और उसके पिता के बीच विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद पिता ने किशोर के साथ मारपीट की। मारपीट के बाद किशोर की हालत बिगड़ गई और कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। किशोर की मौत की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर सहार थाना प्रभारी गनेश कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिधूना कोतवाली प्रभारी विनेश जादौन और बेला थाना प्रभारी अमर बहादुर भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तीन थानों की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद किशोर की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

आरोपी पिता की तलाश में दबिश

थानाध्यक्ष गनेश कुमार गुप्ता के अनुसार, घटना के बाद आरोपी पिता फरार है। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय उसके शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है। पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस घटना के पीछे के कारणों के साथ-साथ विवाद की शुरुआत, मारपीट की परिस्थितियों और किशोर की मौत से जुड़े प्रत्येक पहलू की जांच कर रही है। पुलिस द्वारा परिजनों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल किशोर की मौत को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। पिता पर हत्या का आरोप लगाया गया है, जिसकी पुष्टि पुलिस की विवेचना और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगी। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।