मंदिर भूमि पर कब्जे का आरोप, बाबा मंगलदास ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार

बाबा मंगलदास ने आरोप लगाया कि थाना दरगाह क्षेत्र के सलारगंज स्थित शिव-पार्वती मंदिर और उसकी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा किया गया है।

मंदिर भूमि पर कब्जे का आरोप, बाबा मंगलदास ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट —

बहराइच/जनमत न्यूज। बहराइच में मंदिर और उसकी जमीन पर कथित कब्जे को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसी क्रम में बाबा मंगलदास जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई।

बाबा मंगलदास ने आरोप लगाया कि थाना दरगाह क्षेत्र के सलारगंज स्थित शिव-पार्वती मंदिर और उसकी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा किया गया है। इतना ही नहीं, कब्जेदारों द्वारा मंदिर प्रांगण में गंदगी फैलाने का भी आरोप लगाया गया है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।

उन्होंने अधिकारियों से मांग की कि मंदिर और उससे जुड़ी भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। बाबा मंगलदास ने यह भी दावा किया कि उन्हें न्यायालय द्वारा मंदिर में नियुक्त किया गया है और वे विधिवत रूप से मंदिर की देखरेख कर रहे हैं।

मामले को लेकर उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का आश्वासन दिया है।