इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में भीषण आग, नगदी समेत 2 करोड़ से ज्यादा का नुकसान

आग में टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, सोफा, इनवर्टर, बैटरियां, बेड, गद्दे समेत भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक और फर्नीचर का सामान जलकर नष्ट हो गया।

इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में भीषण आग, नगदी समेत 2 करोड़ से ज्यादा का नुकसान
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज । जिले के सांडी कस्बे में बुधवार देर रात करीब 2 बजे एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम और गोदाम में भीषण आग लग गई, जिससे लाखों की नगदी समेत करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक का सामान जलकर खाक हो गया।

जानकारी के अनुसार आग “शोभित इलेक्ट्रॉनिक्स एंड फर्नीचर्स” के ग्राउंड फ्लोर स्थित शोरूम से शुरू हुई और देखते ही देखते प्रथम तल पर बने गोदाम तक फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। शुरुआत में एक फायर ब्रिगेड पहुंची, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए हरदोई से तीन और बिलग्राम से दो अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

इस हादसे में टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, सोफा, इनवर्टर, बैटरियां, बेड, गद्दे समेत भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक और फर्नीचर का सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित दुकानदार पुनीत वाजपेई के अनुसार करीब 1 करोड़ 97 लाख रुपये का सामान और लगभग 22 लाख 43 हजार रुपये की नकदी आग की भेंट चढ़ गई, जिससे कुल नुकसान 2 करोड़ रुपये से अधिक आंका जा रहा है।

दुकानदार ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग समय पर पर्याप्त संसाधनों के साथ नहीं पहुंचा, जिससे आग पर जल्दी काबू नहीं पाया जा सका और नुकसान बढ़ गया। साथ ही स्थानीय पुलिस प्रशासन की सक्रियता पर भी सवाल उठाए गए हैं।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।