गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: खड़े ट्रक में घुसी डबल डेकर बस, दो दर्जन से अधिक यात्री घायल

हादसे में दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बहजोई में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: खड़े ट्रक में घुसी डबल डेकर बस, दो दर्जन से अधिक यात्री घायल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

संभल से रामब्रेस यादव की रिपोर्ट —

संभल/जनमत न्यूज। गंगा एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज रफ्तार डबल डेकर बस खड़े ट्रक में जा घुसी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर घायलों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

यह हादसा बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चन्दौई टोल प्लाजा के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज गति से आ रही थी और अचानक नियंत्रण खो बैठी, जिसके बाद वह सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बहजोई में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि बस लुधियाना से आ रही थी और चालक के शराब के नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू कराया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।