चलती कार बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान; शॉर्ट सर्किट की आशंका

स्थानीय लोगों के मुताबिक कार में सीएनजी लगी हुई थी, जिससे आग तेजी से फैलने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि प्रथम दृष्टया घटना का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

चलती कार बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान; शॉर्ट सर्किट की आशंका
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज। हरदोई जनपद के बिलग्राम-हरदोई मार्ग पर फर्दापुर के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर दौड़ रही एक वैगनआर कार अचानक आग का गोला बन गई। घटना के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में अचानक आग लगने के बाद कुछ ही पलों में लपटें तेज हो गईं। आग की भयावहता को देखते हुए मार्ग पर चल रहे अन्य वाहन चालक भी अपने वाहन रोककर दूर हट गए। कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक कार में सीएनजी लगी हुई थी, जिससे आग तेजी से फैलने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि प्रथम दृष्टया घटना का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

आग लगने के बाद मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए, लेकिन समय रहते चालक के सुरक्षित बाहर निकल आने से बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस और दमकल टीम ने आग पर काबू पाया।

घटना के बाद लोगों ने राहत की सांस ली और प्रशासन से वाहनों की नियमित जांच तथा सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर देने की मांग की।