हरदोई में नितिन अग्रवाल का अखिलेश यादव पर पलटवार, बोले- बैलेट पर भी भरोसा नहीं करते विपक्षी
उप्र के हरदोई में शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्वक जारी है। स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव के दौरान आबकारी राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई में शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्वक जारी है। स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव के दौरान आबकारी राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला।
शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई स्थित मतदान केंद्र पर मतदान करने पहुंचे नितिन अग्रवाल ने कहा कि विपक्ष को न ईवीएम पर भरोसा है और न ही बैलेट पेपर पर। लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं पर अविश्वास का माहौल विपक्ष ने बनाया है उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की सभी सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे।
मतदान के बाद मीडिया से बातचीत में नितिन अग्रवाल ने कहा कि पूरे प्रदेश में शिक्षक और स्नातक खंड की विधान परिषद सीटों के लिए चुनाव हो रहा है। लखनऊ खंड से शिक्षक प्रत्याशी उमेश द्विवेदी और स्नातक प्रत्याशी इंजीनियर अवनीश सिंह के समर्थन में मतदाताओं में भारी उत्साह है।
उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में योगी सरकार ने प्रदेश की जनता के लिए जो काम किए हैं,मतदाता अपने मताधिकार के जरिए उन पर मुहर लगाएंगे। दोनों प्रत्याशी पिछली बार की तुलना में अधिक मतों से जीत हासिल करेंगे।
समाजवादी पार्टी की ओर से चुनाव में गड़बड़ी और मतदाता सूची में त्रुटियों के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए नितिन अग्रवाल ने कहा कि कुछ स्थानों पर मतदाता सूची में लिपिकीय गलतियां सामने आई हैं और कुछ जिलों में संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई भी हुई है।
हालांकि,निर्वाचन आयोग स्पष्ट कर चुका है कि वैध मतदाता को केवल लिपिकीय त्रुटि के कारण मतदान से वंचित नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि विपक्ष को चुनाव परिणाम का अंदाजा हो गया है, इसलिए वह पहले से ही आरोप लगाने की भूमिका तैयार कर रहा है। अखिलेश यादव के भाजपा पर शिक्षा के मुद्दे को लेकर लगाए गए आरोपों पर नितिन अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में शिक्षा का अपराधीकरण समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान हुआ।
उन्होंने दावा किया कि नकल विरोधी कानून भाजपा सरकार लेकर आई थी,लेकिन सपा सरकार ने उसे रद्द कर दिया था। नितिन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश की जनता जानती है कि शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए किस सरकार ने काम किया है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव की आजम खान से मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर नितिन अग्रवाल ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत और पार्टी का निर्णय है। पार्टी के नेता आपस में किससे मिलते हैं,इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।



