उरई: जॉइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही को शासन का कारण बताओ नोटिस, 15 दिन के भीतर मांगा स्पष्टीकरण

उप्र के जालौन जिले में तैनात जॉइंट मजिस्ट्रेट (न्यायिक) रिंकू सिंह राही को शासन ने मंगलवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

उरई: जॉइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही को शासन का कारण बताओ नोटिस, 15 दिन के भीतर मांगा स्पष्टीकरण
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के जालौन जिले में तैनात जॉइंट मजिस्ट्रेट (न्यायिक) रिंकू सिंह राही को शासन ने मंगलवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नियुक्ति विभाग की ओर से जारी नोटिस में प्रशासनिक अनुशासन, सेवा आचरण और कार्यप्रणाली से संबंधित गंभीर शिकायतों का संज्ञान लेते हुए उनसे 15 दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। बुधवार को आईएएस रिंकू सिंह राही ने स्वयं नोटिस की प्रति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की।

बताया गया है कि जालौन के जिलाधिकारी ने पांच अगस्त को रिंकू सिंह राही के आचरण और कार्यप्रणाली को लेकर शासन को पत्र भेजा था। इसी पत्र के आधार पर शासन की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

नोटिस में कहा गया है कि 27 जून 2026 को राही ने सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना कलेक्ट्रेट से फर्नीचर आदि सामान लेकर उरई तहसील परिसर पहुंचाया। इसके बाद मीडिया को बुलाकर कक्ष आवंटन के मुद्दे को लेकर धरना और हंगामा किए जाने का आरोप लगाया गया है।

शासन ने नोटिस में सोशल मीडिया पर उनकी गतिविधियों का भी उल्लेख किया है। आरोप है कि रिंकू सिंह राही ने कई मौकों पर सोशल मीडिया के माध्यम से शासन की योजनाओं, नीतियों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की सार्वजनिक रूप से आलोचना की। शासन का कहना है कि इस तरह के सार्वजनिक वक्तव्यों से शासन के प्रति प्रतिकूल माहौल बनाने का प्रयास हुआ, जो एक अधिकारी के सेवा आचरण के अनुरूप नहीं है।

इसके अलावा नोटिस में अधीनस्थ कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और स्थानीय संगठनों की ओर से की गई शिकायतों का भी हवाला दिया गया है। शिकायतों में उनके व्यवहार को अपमानजनक, असंगत और प्रशासनिक मर्यादाओं के विपरीत बताया गया है।

शासन ने सभी आरोपों पर रिंकू सिंह राही से 15 दिन के भीतर अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा है। अब उनके स्पष्टीकरण के बाद ही आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। नोटिस जारी होने के बाद जिले के प्रशासनिक हलकों में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।