बहराइच में 72 घंटे से लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई इलाकों में पेड़ गिरने से सड़कें बाधित

उप्र के बहराइच जनपद में पिछले करीब 72 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।

बहराइच में 72 घंटे से लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई इलाकों में पेड़ गिरने से सड़कें बाधित
Published By- Diwaker Mishra

बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट

बहराइच/जनमत न्यूज़। उप्र के बहराइच जनपद में पिछले करीब 72 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के साथ तेज आंधी-तूफान ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जनपद के कई इलाकों में पेड़ गिरने से सड़कें बाधित हुईं और कई जगह लंबा जाम लग गया।

वहीं भारी बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी राकेश कुमार पांडेय ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने देने और नदी-नालों के आसपास न जाने की अपील की है।

बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों में आज अवकाश घोषित किया है। बहराइच शहर में पिछले करीब 72 घंटे से लगातार बारिश का दौर जारी है। बारिश के साथ तेज हवाओं ने भी जनजीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है।

जनपद के कई हिस्सों में तेज आंधी के चलते पेड़ और डालियां गिर गईं, जिससे कई जगह सड़कें बाधित हुईं और लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

सड़कों पर पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश का असर स्कूल और ऑफिस जाने वाले लोगों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। मौसम की स्थिति को देखते हुए कक्षा 12 तक के स्कूलों में आज अवकाश घोषित किया गया है।

लगातार बारिश का असर बाजारों पर भी दिखाई दे रहा है। शहर के कई बाजारों में दुकानें बंद हैं, जबकि इक्का-दुक्का दुकानें ही खुली नजर आ रही हैं। सड़कों से लेकर बाजारों तक कई जगह सन्नाटा पसरा हुआ है।

वहीं इसी बारिश के बीच आज गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन भी किया जा रहा है। श्रद्धालु बारिश के बीच गणपति बप्पा को विदाई देने के लिए निकल रहे हैं। ऐसे में प्रशासन की ओर से भी लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

जिलाधिकारी राकेश कुमार पांडेय ने लोगों से अपील की है कि बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें। नदी, नाले और जलभराव वाले स्थानों के आसपास जाने से बचें और मौसम को देखते हुए पूरी सावधानी बरतें।

किसानों के लिए राहत

हालांकि इस बारिश का एक दूसरा पहलू भी है। जहां शहरों में जलभराव और आवागमन की समस्या लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है, वहीं कई किसानों के चेहरों पर बारिश ने खुशी ला दी है।

किसानों का कहना है कि बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है और फसलों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है। यानी शहर में जहां यही बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा रही है, वहीं खेतों में कई किसानों के लिए यही बारिश उम्मीद और राहत लेकर आई है।

फिलहाल लगातार बारिश और तेज हवाओं ने बहराइच की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। जगह-जगह जलभराव, गिरे पेड़ और जाम की तस्वीरें सामने आ रही हैं। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।