उरई: सेना के जवान ने डीएम से लगाई गुहार, दुकान और प्लॉट पर कब्जे के प्रयास का आरोप
उप्र के उरई जनपद के थाना रामपुरा क्षेत्र के ग्राम जगम्मनपुर निवासी भारतीय थल सेना के जवान सूर्यकांत मिश्रा ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर अपनी दुकान एवं प्लॉट पर दबंगई के बल पर कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाया है।
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट
जालौन/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद के थाना रामपुरा क्षेत्र के ग्राम जगम्मनपुर निवासी भारतीय थल सेना के जवान सूर्यकांत मिश्रा ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर अपनी दुकान एवं प्लॉट पर दबंगई के बल पर कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाया है। जवान ने मामले में जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र के अनुसार, सूर्यकांत मिश्रा वर्तमान में जैसलमेर, राजस्थान में सेना में तैनात हैं। उन्होंने ग्राम जगम्मनपुर में संध्या नामक महिला से एक दुकान एवं प्लॉट खरीदा था और खरीद के बाद संपत्ति पर कब्जा भी प्राप्त कर लिया था।
आरोप है कि ड्यूटी पर जाने के बाद पड़ोस में रहने वाले राजकुमार पुत्र बैजनाथ एवं सुनील कुमार पुत्र राजबहादुर द्वारा उनकी दुकान और प्लॉट की भूमि पर अतिक्रमण करने का प्रयास किया जा रहा है।
जवान का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दोनों लोगों द्वारा उनके साथ गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया। साथ ही झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दिए जाने की भी बात कही गई है।
शिकायत में ग्राम निवासी योगेंद्र उर्फ पप्पू पुत्र स्वर्गीय जगदीश त्रिपाठी पर भी उक्त लोगों को उकसाने और संरक्षण देने का आरोप लगाया गया है।
मामले की जानकारी मिलने पर सेना से छुट्टी लेकर घर पहुंचे जवान ने जिलाधिकारी से संपत्ति पर कथित अतिक्रमण के प्रयास को रोकने तथा पूरे मामले की जांच कर दोषी लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


