मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे अयोध्या, दसवें दीपोत्सव की तैयारियों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने 7 नवंबर को होने वाले दसवें दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने 7 नवंबर को होने वाले दसवें दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने राम की पैड़ी, रामकथा पार्क और साकेत महाविद्यालय पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इसके बाद यात्री सुविधा केंद्र में शासन, मंडल और जिला स्तर के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद भी लिया।
इस दौरान अयोध्या मंडलायुक्त राजेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की और रामकथा पार्क, राम की पैड़ी व आरती स्थल का भ्रमण किया।
बैठक में निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम का आयोजन भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से हो, जिसमें स्थानीय नागरिकों, वीआईपी, साधु-संतों और विशेष अतिथियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
बता दें कि इस बार दीपोत्सव में 2100 ड्रोन से भव्य ड्रोन शो होगा, जबकि पिछले वर्ष 1100 ड्रोन का प्रयोग हुआ था। वहीं राम की पैड़ी पर लगभग 250 फीट चौड़ा और 50 फीट ऊंचा विशाल मंच तैयार किया जा रहा है, जो सांस्कृतिक कार्यक्रमों को और भव्य बनाएगा।



