बरेली में गौकशी का प्रयास विफल, पुलिस मुठभेड़ में दो घायल आरोपी गिरफ्तार; जीवित बैल कराया मुक्त
उप्र के बरेली जनपद के थाना भोजीपुरा पुलिस ने गौकशी के प्रयास को विफल करते हुए पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है।
बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट
बरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के बरेली जनपद के थाना भोजीपुरा पुलिस ने गौकशी के प्रयास को विफल करते हुए पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उनके पैरों में गोली लगी। मुठभेड़ में एक आरक्षी भी घायल हुआ है। मौके से एक जीवित बैल को सुरक्षित मुक्त कराया गया, जबकि अवैध तमंचे और गौकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मुड़िया हाफिज के पास खेत में दो वांछित आरोपी गौवंशीय पशु को काटने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पशु को बचाने का प्रयास किया।
इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी, जिसमें आरक्षी लक्की के बाएं हाथ में गोली लग गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल होकर पकड़ लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दानिश पुत्र यासीन (27 वर्ष) तथा फईम पुत्र मोहम्मद यासीन (30 वर्ष) निवासी धौराटांडा, थाना भोजीपुरा के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से दो अवैध .315 बोर तमंचे, दो जीवित कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने घटनास्थल से यूकेलिप्टिस के पेड़ से रस्सियों से बंधा एक जीवित बैल भी सुरक्षित बरामद किया। बैल के चारों पैर और मुंह बंधे हुए थे। इसके अलावा दो छुरियां, एक बांका, एक दांव, लकड़ी का गुटका तथा रस्सियां भी बरामद की गईं।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे आर्थिक लाभ के लिए गौवंशीय पशुओं की हत्या कर मांस की तस्करी करते थे। उन्होंने 18/19 जुलाई की रात धौराटांडा क्षेत्र में साथियों के साथ गौवध की घटना में शामिल होने की बात भी स्वीकार की। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
इस मामले में थाना भोजीपुरा में बीएनएस, की धारा के गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.


