सड़क के गड्ढे ने ली जानलेवा करवट: बाइक फिसलने से महिला गंभीर घायल

सड़क पर बने गहरे गड्ढे में बाइक जाने से उनका संतुलन बिगड़ गया और बाइक फिसल गई।

सड़क के गड्ढे ने ली जानलेवा करवट: बाइक फिसलने से महिला गंभीर घायल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —

औरैया/जनमत न्यूज। जनपद औरैया के बेला-बिधूना मार्ग पर सेवा हॉस्पिटल के समीप सड़क पर बने गड्ढे के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क की खराब स्थिति को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुरुकला निवासी अरविंद कुमार अपनी पत्नी सुनैना, पांच वर्षीय बेटी अदिति और चार वर्षीय बेटे रोहन के साथ बाइक से कानपुर जा रहे थे। जैसे ही वे सेवा हॉस्पिटल के पास पहुंचे, सड़क पर बने गहरे गड्ढे में बाइक जाने से उनका संतुलन बिगड़ गया और बाइक फिसल गई।

हादसे में सुनैना गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि अन्य परिजनों को मामूली चोटें आईं। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मदद की और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष बेला गंगा दास गौतम मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों ने सड़क की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से गड्ढों को जल्द भरवाने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।