सुनवाई न होने से नाराज युवती 60 फीट ऊंची पानी टंकी पर चढ़ी, 2 घंटे बाद उतरी

करीब दो घंटे तक चली मान-मनौव्वल के बाद, जब पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब युवती नीचे उतरने के लिए राजी हुई।

सुनवाई न होने से नाराज युवती 60 फीट ऊंची पानी टंकी पर चढ़ी, 2 घंटे बाद उतरी
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट —

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। जनपद प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस कार्रवाई से नाराज एक युवती एसपी ऑफिस परिसर में बनी करीब 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई और कूदने की धमकी देने लगी। इस घटना से पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, नगर क्षेत्र निवासी नंदिनी (25) अपनी जमीन विवाद की शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंची थी। आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उसकी मां शिवकुमारी देवी घर का निर्माण करा रही थीं, जिसे गांव के कुछ लोगों ने रोक दिया। कई बार थाने के चक्कर लगाने के बावजूद कोई कार्रवाई न होने से आक्रोशित होकर युवती ने यह कदम उठाया।

टंकी पर चढ़ने के बाद युवती लगातार कार्रवाई की मांग करती रही। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस अधिकारी भी तुरंत पहुंच गए। करीब दो घंटे तक चली समझाइश और मान-मनौव्वल के बाद, जब पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब युवती नीचे उतरने के लिए राजी हुई।

युवती का आरोप है कि उसने पहले भी नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन विपक्षियों की पकड़ मजबूत होने के कारण उसकी सुनवाई नहीं हुई। फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।