प्रतापगढ़: घर के अंदर दफन मिला बुजुर्ग किसान का शव, छोटे बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज

उप्र के प्रतापगढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। महेशगंज थाना क्षेत्र में 85 वर्षीय बुजुर्ग किसान का शव उनके ही घर के अंदर दफन मिला।

प्रतापगढ़: घर के अंदर दफन मिला बुजुर्ग किसान का शव, छोटे बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। महेशगंज थाना क्षेत्र में 85 वर्षीय बुजुर्ग किसान का शव उनके ही घर के अंदर दफन मिला। घर से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों की सूचना के बाद पुलिस ने घर का ताला तोड़कर तलाशी ली।

पीछे के कमरे में बनी कब्र से शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान जगदीश द्विवेदी के रूप में हुई है। जगदीश द्विवेदी अपने छोटे बेटे विजय के साथ रहते थे। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर छोटे बेटे की तलाश शुरू कर दी है।

उनके दो अन्य बेटे संतोष और अजय दिल्ली में काम करते हैं। 21 जुलाई को पड़ोसियों ने घर से तेज बदबू आने की सूचना दी। जब दोनों बेटों ने पिता और छोटे भाई को फोन किया तो किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद दोनों गांव पहुंचे, जहां घर पर ताला लगा मिला।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़कर घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पीछे के कमरे में मिट्टी से बनी एक कब्र दिखाई दी। पुलिस ने मिट्टी हटाई तो एक हाथ बाहर दिखाई दिया।

इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाकर कब्र की खुदाई कराई गई। अंदर से शव बरामद हुआ। शव काफी गल चुका था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मौके से फावड़ा और खुरपी भी बरामद की गई है। मृतक के बेटों संतोष और अजय ने आरोप लगाया है कि उनके छोटे भाई विजय ने जमीन और पैसों के लालच में पिता की हत्या कर शव को घर के अंदर दफना दिया और फरार हो गया।

अजय की तहरीर पर महेशगंज थाने में विजय द्विवेदी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।