हरदोई में सर्राफा कारोबारी को लूटने की साजिश का पर्दाफाश, हायर किए गए पांच बदमाश गिरफ्तार
उप्र के हरदोई जनपद में सर्राफा कारोबारी को लूटने की साजिश का पुलिस ने वारदात से पहले ही पर्दाफाश कर दिया।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में सर्राफा कारोबारी को लूटने की साजिश का पुलिस ने वारदात से पहले ही पर्दाफाश कर दिया। पुलिस के मुताबिक, कोतवाली शहर क्षेत्र के वैटगंज निवासी और सिनेमा रोड पर ज्वेलरी शॉप चलाने वाले रंजीत ज्वेलर्स ने पांच बदमाशों को हायर कर पूरी साजिश रची थी।
बदमाशों को बताया गया था कि टारगेट सर्राफा कारोबारी के घर में बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण हैं और वह रोजाना करीब चार बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकलता है। योजना थी कि जैसे ही कारोबारी घर से बाहर निकलेगा, उसे घर के सामने ही तमंचे की नोक पर रोक लिया जाएगा और लूट की वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो जाएंगे।
सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि 22 और 23 अगस्त की रात कोतवाली देहात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मिल कॉलोनी मोड़ के पास कुछ लोग किसी गंभीर वारदात की तैयारी में जुटे हैं। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और पांचों बदमाशों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अविनाश कुमार उर्फ विपुल पुत्र चंद्रकांत निवासी देहपुरवा थाना सुरसा, राजकिशोर पुत्र रामपाल निवासी ज्ञानपुरवा थाना सुरसा, श्यामप्रकाश पुत्र राजेश निवासी अंटा थाना कछौना, श्रवण उर्फ सरवन पुत्र मकरंद निवासी भिखारीपुरवा थाना सुरसा और रामविलास पुत्र शंकर निवासी बन्दनिया थाना सुरसा के रूप में हुई।
तलाशी में इनके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, 12 बोर का एक तमंचा, एक प्लास, एक सब्बल और दो मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
यानी पुलिस के पहुंचने से पहले बदमाश हथियार और भागने के इंतजाम के साथ पूरी तरह तैयार थे। पूछताछ में साजिश की परतें खुलीं तो पता चला कि टारगेट कारोबारी के घर की दिन में रेकी भी की जा चुकी थी।
पुलिस के मुताबिक,रंजीत ज्वेलर्स ने ही बदमाशों को महाराज सिंह पार्क के निकट सर्राफा कारोबारी रवि ज्वेलर्स के घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, उसकी दिनचर्या और मॉर्निंग वॉक पर निकलने का समय बताया था। इसी जानकारी के आधार पर सुबह घर के बाहर ही कारोबारी को घेरकर तमंचे के बल पर लूट की तैयारी थी।
गिरफ्तार बदमाशों में रामविलास और श्रवण उर्फ सरवन सुरसा थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं। दोनों के खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। वहीं अविनाश कुमार उर्फ विपुल के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज है।
पांच बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पूछताछ और जांच से साजिश की उस कड़ी को भी जोड़ लिया, जिस पर पूरी प्लानिंग टिकी थी। पुलिस ने रंजीत को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, रंजीत कोतवाली शहर क्षेत्र के वैटगंज का निवासी है और सिनेमा रोड पर उसकी ज्वेलरी शॉप है। इस तरह मामले में कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, जिन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज किया गया है।अब पुलिस साजिश की बाकी कड़ियां खंगाल रही है कि क्या रंजीत और बदमाशों के अलावा कोई और भी इस प्लान में शामिल था और क्या आरोपियों का इससे पहले भी किसी वारदात से कनेक्शन रहा है।







