प्रतापगढ़: मजदूरी के पैसे के विवाद में मारपीट में घायल की मौत, पुलिस ने 4 को किया गिरफ्तार
उप्र के प्रतापगढ़ जिले के हथिगवां थाना क्षेत्र के जहानाबाद गांव में मजदूरी के पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में मारपीट के दौरान घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जिले के हथिगवां थाना क्षेत्र के जहानाबाद गांव में मजदूरी के पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में मारपीट के दौरान घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के अभियोग में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक बाल अपचारी अभियुक्ता भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार 4 सितंबर को जहानाबाद गांव में मजदूरी के पैसे को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में थाना हथिगवां पर धारा 105/3(5)/115(2)/352/351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक हथिगवां सत्येन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 8 सितंबर को जहानाबाद फ्लाईओवर के नीचे श्रीनगर मोड़ के पास से चारों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू उर्फ राजकुमार गौतम (40), हेमन्त गौतम (19), सुनीता (38) और एक बाल अपचारी अभियुक्ता, सभी निवासी ग्राम जहानाबाद, थाना हथिगवां, प्रतापगढ़ के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मजदूरी के पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद विवाद और मारपीट हुई, जिसमें चोट लगने से संबंधित व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईवे की ओर जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे/निशानदेही से घटना में प्रयुक्त लकड़ी की एक फट्टी (आलाकत्ल) भी बरामद की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक राधेश्याम सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार, महिला उपनिरीक्षक राखी सिंह, कांस्टेबल आशीष तिवारी, महिला कांस्टेबल पूजा और चालक कांस्टेबल हर्षवर्धन सिंह शामिल रहे।




