पुलिस चौकी के पास दिनदहाड़े लूट, जन सुविधा केंद्र संचालक से बैग छीनकर फरार हुए कार सवार बदमाश

पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देकर कार सवार बदमाशों ने पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे डाली।

पुलिस चौकी के पास दिनदहाड़े लूट, जन सुविधा केंद्र संचालक से बैग छीनकर फरार हुए कार सवार बदमाश
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —

रायबरेली/जनमत न्यूज। जनपद में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गदागंज थाना क्षेत्र में मखदूमपुर पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देकर कार सवार बदमाशों ने पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे डाली। बेखौफ हमलावर जन सुविधा केंद्र संचालक से बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मखदूमपुर पुलिस चौकी के समीप जन सुविधा केंद्र संचालक अरुणेंद्र तिवारी रोज की तरह अपना केंद्र बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए चार अज्ञात बदमाश एक कार से पहुंचे और अचानक उनका बैग छीन लिया। वारदात इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित संभल भी नहीं सके और बदमाश बैग लेकर फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि छीने गए बैग में लगभग दो हजार रुपये नकद और करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का कैमरा रखा हुआ था। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस चौकी के बिल्कुल नजदीक इस तरह की वारदात से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि जब चौकी के पास ही सुरक्षा का यह हाल है तो अन्य इलाकों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

फिलहाल पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।