प्रतापगढ़: शॉर्ट सर्किट से रेडीमेड पटाखों में विस्फोट, दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के समापुर गांव में बुधवार देर शाम मकान में रखे रेडीमेड पटाखों में विस्फोट हो गया। हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

प्रतापगढ़: शॉर्ट सर्किट से रेडीमेड पटाखों में विस्फोट, दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट 

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के समापुर गांव में बुधवार देर शाम मकान में रखे रेडीमेड पटाखों में विस्फोट हो गया। हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

दोनों को लालगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों की हालत अब खतरे से बाहर है। घटना शाम करीब छह से साढ़े छह बजे के बीच की है।

अचानक हुए विस्फोट से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घायलों की पहचान अनम (25) और असलम की पत्नी बड़का (35) के रूप में हुई है। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

जानकारी मिलते ही लालगंज और लीलापुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय और क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

एएसपी बृजनंदन राय ने बताया कि शाम करीब छह से साढ़े छह बजे के बीच समापुर गांव के एक मकान में पटाखों के विस्फोट की सूचना मिली थी। घटना में दो महिलाएं घायल हुई हैं, लेकिन दोनों अब खतरे से बाहर हैं।

उन्होंने बताया कि मकान अनीस पुत्र कल्लू का है। वह पहले पटाखों का लाइसेंसी था और बाबूगंज में उसकी दुकान थी, लेकिन लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं हुआ था। मकान में पहले से पटाखे भंडारित किए गए थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी के कारण पटाखों में आग लगी, जिसके बाद विस्फोट हुआ। मकान से पटाखों के 10 गत्ते बरामद पुलिस की छानबीन में घटनास्थल से रेडीमेड पटाखों के 10 गत्ते बरामद किए गए।

पुलिस ने पटाखे भंडारित करने के मामले में अनीस और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि पटाखे कहां से लाए गए थे और मकान में उनके भंडारण के लिए आवश्यक अनुमति थी या नहीं।

पुलिस विस्फोट के कारणों, पटाखों की मात्रा और भंडारण से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। एएसपी ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर छानबीन की।