कौशांबी में तेज रफ्तार का कहर, ट्रैक्टर-पिकअप की भिड़ंत में दो लोगों की दर्दनाक मौत
उप्र के कौशांबी जनपद में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के सेलरहा पश्चिम के पास शनिवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
कौशांबी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट
कौशांबी/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जनपद में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के सेलरहा पश्चिम के पास शनिवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया।
मृतकों की पहचान मुस्तफा अहमद और मंजूर अहमद निवासी मोहिउद्दीनपुर देवछार थाना सराय अकिल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दोनों सुबह तड़के घर से सौरई बाजार जाने के लिए निकले थे। बताया गया कि वे मैजिक वाहन से जा रहे थे और पतौना पुल पार करने के बाद सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक सवार दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी देते हुए नूर मोहम्मद पुत्र शान मोहम्मद निवासी सड़वा थाना सराय अकिल ने बताया कि हादसा लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ है। उन्होंने प्रशासन से दोषी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मंझनपुर सीओ शिवांक सिंह ने बताया कि मंझनपुर सिराथू मार्ग पर हादसे में दो लोग गंभीर घायल हुए थे जिला अस्पताल में डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है। पुलिस आगे की जांच पड़ताल कर रही है।

Janmat News 
