बहराइच की धरती पर उतरा अंतरिक्ष, टेलीस्कोप से बच्चों ने देखे चांद और शनि के छल्ले

उप्र के बहराइच जनपद के हैप्पी हार्ट्स पब्लिक स्कूल में मारवाड़ी युवा मंच और बाल पत्रिका 'बाल पंख 2.0' के संयुक्त तत्वावधान में एस्ट्रो पिकनिक 2026 का आयोजन किया गया।

बहराइच की धरती पर उतरा अंतरिक्ष, टेलीस्कोप से बच्चों ने देखे चांद और शनि के छल्ले
Published By- Diwaker Mishra

बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट 

बहराइच/जनमत न्यूज़। उप्र के बहराइच जनपद के हैप्पी हार्ट्स पब्लिक स्कूल में मारवाड़ी युवा मंच और बाल पत्रिका 'बाल पंख 2.0' के संयुक्त तत्वावधान में एस्ट्रो पिकनिक 2026 का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में शहर के 15 से अधिक स्कूलों के 200 से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। उत्तराखंड से पहुंची एस्ट्रो वर्स की टीम और ISRO प्रशिक्षित विशेषज्ञों ने करीब 10 अत्याधुनिक टेलीस्कोप के माध्यम से बच्चों को चांद, सितारों और ग्रहों की दुनिया से रूबरू कराया।

इस दौरान बच्चों ने टेलीस्कोप से चंद्रमा की सतह पर मौजूद गड्ढों और शनि ग्रह के छल्लों को देखा। इसके अलावा स्टार गेजिंग, सोलर ऑब्जर्वेशन और हाइड्रो रॉकेट्री जैसे वैज्ञानिक प्रयोगों के जरिए बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने भी शिरकत की और टेलीस्कोप से अंतरिक्ष के अद्भुत नजारों का आनंद लिया। उन्होंने चंद्रयान-3 के लैंडिंग स्थल शिव शक्ति पॉइंट को देखने के अनुभव को भी साझा किया।

आयोजकों का उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ विज्ञान का व्यावहारिक अनुभव देना था। रातभर चली इस एस्ट्रो पिकनिक में बच्चों ने न सिर्फ अंतरिक्ष को करीब से जाना, बल्कि विज्ञान से जुड़े कई सवाल भी पूछे। सुबह विशेष उपकरणों से सूर्य का वैज्ञानिक अवलोकन कराया गया और प्रतिभागी बच्चों को इसरो प्रमाणित सर्टिफिकेट भी दिए गए।